लुधियाना: बीआरएस नगर फ्लाईओवर के पास रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। यहां एक काले रंग की तेज रफ्तार टोयोटा फार्च्यूनर अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और सुरक्षा के लिए लगे एयरबैग्स तक खुल गए।
तड़के 2:30 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 2:30 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों और गाड़ी की हालत को देखकर अंदाज लगाया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर की रफ्तार काफी ज्यादा थी। हादसे की बाद गाड़ी सड़क पर पूरी तरह उल्टी नजर आई। गनीमत यह रही कि गाड़ी में सवार इकलौता व्यक्ति सुरक्षित बताया जा रहा है कि हालांकि पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बताया कि इस फॉर्च्यूनर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस को शिकायत मिली थी कि इसी गाड़ी ने बीआरएस नगर हादसे से कुछ देर पहले पीएयू गेट के पास भी एक अन्य वाहन को टक्कर मारी थी और वहां से फरार हो गई थी। पुलिस को अंदेशा है कि यह वहीं संदिग्ध गाड़ी है। फिलहाल गाड़ी पर नंबर प्लेट नहीं है इसलिए हर पहलू से जांच की जा रही है कि गाड़ी किसकी है और चालक कौन था।