सागरः जिले में बुधवार रात भयानक सड़क हादसों में 3 युवकों की मौत हो गई। घटना बंडा रोड पर सौरई फैक्ट्री के पास हुई, जहां तेज रफ्तार डंपर ने एक बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, सागर के बंडा रोड पर स्थित ग्राम सौरई में फैक्ट्री के पास हाईवे पर एक अज्ञात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार 3 युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। इस दौरान सिर में गंभीर चोट आने से तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर एसडीओपी प्रदीप वाल्मिकी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शवों का पंचनामा बनाकर एंबुलेंस की मदद से बंडा अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइक को थाने पहुंचाया है। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। प्राथमिक जांच में मृतकों की पहचान प्रयांशु रैकवार, हर्ष रैकवार और तुलसीराम राय (निवासी पठार मोहल्ला, बंडा) के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
