राजस्थानः बजरी से भरे डंपर और कार में टक्कर से 8 महीने के बच्चे समेत 3 लोगों की मौत हो गई। बच्चे की मां और तीन साल की बहन गंभीर रूप से घायल हो गईं। हदसा बीगोद थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-758 (भीलवाड़ा-कोटा) पर दोपहर 12 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, इको कार में सवार परिवार भीलवाड़ा के मांडलगढ़ की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे बजरी के डंपर ने कार को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी तेज थी कि कार के आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर जाम लग गया। ग्रामीणों ने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। कारोही निवासी नारायण (40) और 8 महीने के नकुल की मौके पर ही मौत हो गई। तीन घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से महात्मा गांधी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। इनमें कार ड्राइवर भानू प्रताप ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल महिला गनिया (30) और उसकी बेटी मन्नू (3) को उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में रेफर किया गया है।सूचना मिलने पर बीगोद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गाड़ियों को हाईवे से हटा कर ट्रैफिक शुरू करवाया।