ऊना/ सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश जिला ऊना के अंतर्गत संतोषगढ़ में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस सड़क हादसे में एक एलपीजी गैस टैंकर और दो टिप्परों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में तीनों चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका उपचार नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा संतोखगढ़ पुल के पास हुआ। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह संतोखगढ़ पुल पर एलपीजी गैस टैंकर और दो टिप्परों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तीनों वाहनों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक अंदर ही फंस गए थे। स्थानीय निवासियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त हिस्सों को तोड़कर चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला,और घायल चालकों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के कारण संतोखगढ़ पुल पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।