पथरीः हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के गांव इब्राहिमपुर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर लड़ाई हुई। इस दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाडी-डंडे और पत्थर चले। मिली जानकारी के अनुसार मामूली कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार जनपद के पथरी क्षेत्र के गांव इब्राहिम पुर गांव में रहने वाले 2 भाइयों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। विवाद में एक अन्य पक्ष के शामिल होने पर दूसरे पक्ष के रिश्तेदार भी शामिल हो गए। जिसके बाद विवाद बढ़ते-बढ़ते संघर्ष में बदल गया।
View this post on Instagram
दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी डंडों ओर पत्थरों से हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रियासत पुत्र लियाकत और शोकित पुत्र खां मोहम्मद के बीच काफी समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि शोकित ने अपने पक्ष में गांव के ही रूस्तम पुत्र रिफाकत और फिरोज को बुला लिया, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई। इस घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को उपचार के लिए हरिद्वार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे गांव और क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
वीडियो में साफ तौर पर दोनों पक्षों को एक-दूसरे पर हमला करते देखा जा सकता है। पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मामला दो भाइयों के बीच जमीनी विवाद से जुड़ा है, जो बाद में मारपीट में बदल गया। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। थानाध्यक्ष के अनुसार ग्राम इब्राहिमपुर थाना पथरी हरिद्वार दो पक्षों का आपस में झगड़ा हुआ था, जिसकी सूचना थाना हाजा पर प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल थाना हाजा से थानाध्यक्ष पथरी मय पुलिस बल के ग्राम इब्राहिमपुर में जाकर दोनों पक्षों के लोगों पर दबिश दी गई। दोनों पक्षों के लोग अपने-अपने घरो से फरार हैं। लगातार दबिश दी जा रही है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।