परिवार का हर सदस्य एक पौधा मां के नाम लगाकर उसको सफल बनाने का लें प्रण: भुट्टो
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता और कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और मातृ सम्मान की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से एक पौधा माँ के नाम अभियान की शुरुआत की। इस अभियान का शुभारंभ उन्होंने हटली क्षेत्र से करते हुए लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी माताओं के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल का संकल्प लें।
भुट्टो ने कहा कि एक पेड़ लगाना केवल पर्यावरण की सेवा नहीं है, बल्कि यह उस मां के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि है, जिसने हमें जन्म दिया और पाल-पोसकर बड़ा किया। जब हम मां के नाम पर पौधा लगाते हैं, तो यह केवल एक पर्यावरणीय कदम नहीं होता, बल्कि भावनात्मक और सांस्कृतिक चेतना का भी प्रतीक होता है। इस अवसर पर पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि एक सामान्य परिवार में औसतन पांच सदस्य होते हैं। यदि प्रत्येक सदस्य एक-एक पौधा अपनी माँ के नाम से लगाए और उसकी पूरी जिम्मेदारी ले, तो समाज में हर साल लाखों नए पौधे लग सकते हैं।
इस अभियान में हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, छात्र, महिलाएं, पंचायत प्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कई लोगों ने मौके पर ही पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय बच्चों ने पर्यावरण से जुड़े गीत प्रस्तुत किए और ‘हर घर एक पौधा जैसे नारों से समां बाँधा। भुट्टो ने घोषणा की कि आने वाले हफ्तों में यह अभियान कुटलैहड़ के अन्य गांवों और कस्बों में भी चलाया जाएगा। स्कूलों, कॉलेजों और सामाजिक संस्थानों को भी इस मुहिम से जोड़ा जाएगा ताकि युवा पीढ़ी पर्यावरण के प्रति जागरूक हो। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़, सुदर्शन शर्मा,सूरम सिंह,सुशील रिंकू, राम किशन, मदन मोहन रता,माडू राम, सुभाष चंद आदि मौजूद रहे।