ऊना/सुशील पंडित: शोभित आईटीआई चलोला में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सरकार की ओर से एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सरकारी डॉक्टरों और उनकी टीम द्वारा विद्यार्थियों तथा स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई।
शिविर के दौरान डॉक्टरों की टीम ने उपस्थित लोगों के एक्स-रे, ब्लड टेस्ट सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श भी दिया। इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों और क्षेत्र के लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते बीमारियों की पहचान करना था।
कार्यक्रम में विशेष रूप से जिला कांग्रेस कमेटी ऊना के अध्यक्ष देशराज गौतम उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों और आम जनता के लिए बेहद लाभकारी होते हैं और समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए ताकि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।
इस शिविर में आईटीआई के छात्र-छात्राओं सहित लगभग 100 लोगों ने भाग लेकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। उपस्थित लोगों ने इस पहल के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना था कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बहुत उपयोगी साबित होते हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।