उपमुख्यमंत्री ने किया पेयजल योजना रक्कड़ कालोनी का लोकार्पण
ऊना/सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को गांव रक्कड़ की कृष्णा कालोनी में पेयजल योजना रक्कड़ कालोनी का लोकार्पण किया। एशियाई विकास बैंक (एडीबी) वित्तापोषित हिमाचल प्रदेश ग्रामीण पेयजल सुधार एवं आजीविका परियोजना के अन्तर्गत 6 करोड़ 10 लाख रूपये से निर्मित इस योजना से क्षेत्र के 10 हजार की आबादी को पेयजल सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और पेयजल जैसी महत्वपूर्ण सेवा को सुदृढ़ करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि एडीबी के तहत ज़िला ऊना में 124 करोड़ रूपये की धनराशि से 19 पेयजल योजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिनमें से 16 लगभग तैयार हो चुकी हैं। इसके अन्तर्गत 62 वाटर टैंक निर्मित करके 254 किलोमीटर लम्बी पाइपलाइन बिछाई गई है। उन्होंने बताया कि अब गगरेट विस क्षेत्र की पेयजल योजनाएं पूरा होना शेष है, जिन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश जारी कर दिये गये हैं।
उन्होंने कहा कि एडीबी के तहत 17 करोड़ रूपये की लागत से ऊना विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए स्वीकृत देहलां, बनगढ़ और रक्कड़ कालोनी की तीनों पेयजल योजनाओं को पूरा कर लोगों को समर्पित कर दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि योजनाओं के पूर्ण होने के उपरान्त ठेकेदार को भी आगाह करें कि योजना का संचालन में लोगों की संतुष्टि भी सुनिश्चित की जाए ताकि किसी भी प्रकार की कमी को दूर किया जा सके।
उपमुख्यमंत्री ने रक्कड कालोनी क्षेत्र की सीवरेज और जलनिकासी की समस्या पर कहा कि अब यह क्षेत्र अभी-अभी नगर निगम ऊना के अधीन आया है तथा नगर निगम को पूर्ण आकार लेने के लिए कुछ समय लगेगा और आने वाले समय में नगर निगम की जरूरतों के मुताबिक इस क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। इस अवसर पर ऊना विस क्षेत्र के विधायक सतपाल सत्ती ने पेयजल योजना के लोकार्पण के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया और कहा कि जिला ऊना की राजनीति में मुकेश अग्निहोत्री एक महत्वपूर्ण चेहरा है और अपेक्षा की कि उनके निरंतर प्रयास से ज़िला को विकास की नई उंचाइयां हासिल होंगी।
इस अवसर पर प्रमुख अभियंता जलशक्ति परियोजना धर्मेन्द्र गिल ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा विभाग की परियोजनाओं बारे जानकारी सांझा की। मौके पर ऊना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, मुख्य अभियंता हेमंत तनवर, अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान सहित क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।