उदयपुरः कुराबड़ में थाने से महज 150 मीटर दूर एक ज्वेलरी शॉप में चोरों ने 1.80 करोड़ की चोरी कर ली। चोर दुकान से 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना कट्टों में भरकर ले गए। चोरी से पहले 2-3 घंटे तक बदमाश दुकान के आसपास रेकी करते रहे। हाथों में डंडे-हथियार लेकर आए नकाबपोश बदमाशों ने ज्वेलरी शॉप में लगे CCTV कैमरे तक तोड़ दिए और डीवीआर अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। घटनास्थल से थोड़ी दूर एक दूसरी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में शातिर चोर नजर आए हैं।
जानकारी देते पीड़ित ज्वेलर अशोक सोनी ने बताया कि उनकी कुराबड़ के सदर बाजार में मोहित ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। वह परिवार के साथ उदयपुर में रहता है। रोजाना उदयपुर से अप-डाउन करता है। उनकी दुकान के ऊपर पहली मंजिल पर किराएदार रहते हैं, जो 11 मार्च से बाहर गए हुए थे। बदमाशों ने मौका देखा और दुकान में चोरी कर ली। बदमाशों ने पूरी दुकान खाली कर दी। 100 किलो चांदी और 200 ग्राम सोना कट्टों में भरकर ले गए। पीड़ित ज्वेलर ने कहा कि चोरों में पुलिस का कोई डर नहीं है, इसलिए उन्होंने बेखौफ होकर चोरी की।
वहीं थाने से थोड़ी दूरी पर हुई चोरी की घटना से आक्रोशित व्यापारियों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठाए। व्यापारियों ने कहा- 2-3 घंटे तक चोर गलियों में घूमे और चोरी कर फरार हो गए। अगर रात में पुलिस की गश्त होती तो चोर पकड़ में आ जाते।
उधर, थानाधिकारी तेजू सिंह ने बताया कि चोरों ने दुकान में लगे CCTV कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर साथ ले गए। घटनास्थल के आसपास की दुकानों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। एक CCTV फुटेज में 6 से 7 चोर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। बदमाशों ने हाथ में ग्लव्ज पहन रखे थे और चेहरे पर मास्क लगाया हुआ था। FSL की टीम ने मौके से सबूत जुटाए हैं। पुलिस की टीम चोरों का पता लगाने में जुटी है।