लुधियानाः शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। घायल व्यक्ति ने इलाज के दौरान सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया। मामले में थाना जोधेवाल की पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में अजय कुमार पुत्र किशन लाल निवासी ई-10-834, एक्सटेंशन बसंत बिहार, नूरवाला रोड, ने बताया कि वह कारोबार चौक सब्जी मंडी बहादर के रोड से अपने घर की ओर जा रहा था। जब वह नेशनल हाईवे कट के पास रेड होटल वाली काली सड़क से थोड़ा पीछे पहुंचा तो एक करीब 50-55 साल का अज्ञात व्यक्ति सड़क पार कर काली सड़क की ओर आ रहा था। इसी दौरान जालंधर बाइपास की तरफ से आए एक अज्ञात वाहन के चालक ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए उस व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक व्यक्ति की पहचान के लिए अलग-अलग इलाकों में पोस्टर भी लगाए गए है लेकिन अभी तक उसके परिजनों का पता नहीं चला। थाना जोधेवाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 281 और 106 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर फरार चालक की तलाश कर रही है।