हमीरपुरः हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में इन दिनों पीलिया का प्रकोप जारी है। दरअसल, बडू क्षेत्र में पीलिया फैलने से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। करीब एक सप्ताह से इलाके में पीलिया के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।अब तक करीब 24 से ज्यादा लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। बताया जा रहा है कि बड़ू क्षेत्र के आस पास आधा दर्जन से अधिक गांवों में फैले पीलिया से एक ही सरकारी स्कूल के 14 बच्चों संक्रमित हो गए हैं। संक्रमित बच्चों का आंकड़ा 13 था, लेकिन एक और छात्र पीलिया से ग्रस्त पाया गया है। वहीं मोहीं के एक व्यक्ति में भी पीलिया के लक्षण पाए गए हैं। ऐसे में पीलिया से पीड़ित मरीजों का आंकड़ा 37 से बढक़र अब 39 हो गया है। हालांकि इनके से 25 लोग रिकवर बताए जा रहे हैं, जबकि 14 लोगों को उपचार विभागीय निगरानी में चल रही है। दो से तीन लोग मेडिकल कालेज में भर्ती हैं। वहीं अन्य का उपचार घरों पर ही चल रहा है।
बताया जा रहा है कि स्वाहल, भाटी और मझोट सहित आसपास के गांवों को जमली पेयजल स्कीम से पानी की आपूर्ति की जाती है। इस पेयजल स्कीम के पास दूषित पानी जमा होने के कारण ही बीमारी फैलने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा पेयजल स्कीम के आसपास स्थित इंडस्ट्रियल एरिया से निकलने वाले गंदे पानी के रिसाव को भी पीलिया फैलने की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमें फील्ड में पीलिया संक्रमितों की पहचान करने में जुटी हुई हैं। एहतियात के तौर पर जहां स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने क्षेत्र में पहुंचने वाले पानी को उबालकर पीने की सलाह दी है तो वहीं सात पानी के सैंपल जांच के लिए भरे हैं। विभाग की तरफ से क्लोरीन की दवाई भी उपलब्ध करवाई जा रही है। पानी के सेंपल की जांच में पता चलेगा कि पानी शुद्ध है या फिर दूषित है। बता दें कि सरकारी स्कूल स्वाहल के 14 बच्चे पीलिया से पीड़ित मिले हैं। इसके साथ ही अन्य गांवों से भी पीलिया के काफी मामले सामने आए हैं। इनमे स्वाहल के तीन, तीन, बडू के 11, बली के 13, मझोट से चार, काथल से दो, दोसडक़ा से दो, मोहीं से तीन, इंडस्ट्रीयल क्षेत्र से एक मामला सामने आया है।
स्थानीय निवासी विवेक काका ने बताया, ‘पिछले कुछ दिनों से बडू और स्वाहल क्षेत्र में पीलिया के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। कई लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। वहीं, स्वाहल स्कूल के भी काफी बच्चे पीलिया से ग्रस्त पाए गए हैं। इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित फैक्ट्रियों से निकलने वाला गंदा पानी भी इस समस्या का एक बड़ा कारण बन रहा है’। वहीं, जल शक्ति विभाग हमीरपुर के एक्सईएन राजेश गर्ग ने बताया, ‘विभाग को स्वाहल और इसके आसपास के क्षेत्रों में पीलिया फैलने की जानकारी मिली है। इसके बाद विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी के सैंपल एकत्र किए हैं। बीमारी फैलने के कारणों की जांच की जा रही है। लोगों से एहतियात बरतने की अपील की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और उसके अनुसार आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि क्षेत्र में बीमारी के प्रसार को रोका जा सके’।