लुधियानाः जिले के समराला के नजदीक नाका तोड़कर फरार हुए कार चालकों की पीछा करने के दौरान पुलिस की गाड़ी पलट गई। इस घटना में 2 पुलिस कर्मी घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार स्विफ्ट कार सवार हाइटेक नाके को तोड़ कर फरार हो गया। जिसके बाद कार का पीछा कर रही पुलिस की गाड़ी हादसे का शिकार होकर पलट गई। इस घटना में एएसआई समेत पुलिस मुलाजिम घायल हो गए।
समराला थाने के थाना के SHO हरविंदर सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया, पुलिस ने हेडों पर लुधियाना-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के लिए हाईटेक नाका लगाया हुआ था। इस दौरान लुधियाना की तरफ से आ रही एक स्विफ्ट कार को जब रुकने का इशारा किया गया, तो चालक ने रुकने के बजाय बैरिकेड को टक्कर मार दी और गाड़ी भागते हुए ले गया। पुलिस मुलाजिमों ने तुरंत सरकारी गाड़ी से कार का पीछा किया।
गांव नानोवाल के पास जब पुलिस गाड़ी फरार कार के बिल्कुल करीब पहुंची, तो कार सवारों ने पुलिस की गाड़ी को जोरदार फेट मार दी। इस कारण पुलिस की गाड़ी का संतुलन बिगड़ कर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एएसआई गुरविंदर सिंह और एक अन्य मुलाजिम को चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस ने फरार स्विफ्ट कार का नंबर और अन्य जानकारी हासिल कर ली है। थाने के प्रमुख के मुताबिक, कार सवार दोनों व्यक्तियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और मुलाजिमों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।