विधायक विवेक शर्मा ने किया उद्घाटन,बोले बाजार से 15 % कम दरों पर मिलेगी दवाइयां
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सिविल अस्पताल बंगाणा में मरीजों को राहत देने के उद्देश्य से उचित मूल्य की दवाइयों की दुकान का शुभारंभ किया गया। इस दुकान का उद्घाटन कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने विधिवत रूप से किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों और अस्पताल प्रशासन की उपस्थिति रही। उद्घाटन समारोह के दौरान विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि अस्पताल परिसर में दवाइयों की दुकान खुलने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी सुविधा मिलेगी। पहले मरीजों को दवाइयां लेने के लिए अस्पताल के बाहर निजी दुकानों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे उन्हें समय और पैसे दोनों की परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब अस्पताल परिसर में ही उचित मूल्य पर दवाइयां उपलब्ध होने से मरीजों को राहत मिलेगी और उन्हें बाहर भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सस्ती और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसी दिशा में यह कदम उठाया गया है ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को भी समय पर दवाइयां मिल सकें।
15 दिनों के भीतर बंगाणा अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन का होगा शुभारंभ
विधायक शर्मा ने इस अवसर पर सिविल अस्पताल बंगाणा में आने वाले समय में शुरू होने वाली नई सुविधाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगले 15 दिनों के भीतर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन का उद्घाटन कर दिया जाएगा। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि अभी तक अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को ऊना या अन्य स्थानों का रुख करना पड़ता था। इसके साथ ही अस्पताल में मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों के लिए कैंटीन की सुविधा भी शुरू की जाएगी। विधायक ने कहा कि लगभग 15 दिनों के भीतर अस्पताल परिसर में कैंटीन शुरू कर दी जाएगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भोजन और चाय-पानी की सुविधा अस्पताल में ही मिल सकेगी।
विधायक ने अस्पताल परिसर में लंगर वितरण व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना जांच किए मरीजों को लंगर देने की व्यवस्था पर रोक लगाई गई है ताकि अस्पताल की व्यवस्थाएं व्यवस्थित बनी रहें। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए डॉ. दरोच को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस मौके पर एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल डॉ अतुल राणा डॉ दरोच ड्रग इंस्पेक्टर रजत शर्मा, कमेटी अध्यक्ष राम आसरा शर्मा, के सी शर्मा, जगदीश शर्मा, जोगेंद्र देव आर्य, जिला पार्षद सत्या देवी पूर्व वीडीसी अध्यक्ष मीना चौधरी, केवल कृष्ण शर्मा सहित अधिकारी कर्मचारी एवं आशा वर्कर गणमान्य मौजूद रहे।