लुधियानाः महानगर में लूट की घटनाओं में लगातार बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। वहीं ताजा मामला गिल गांव के पास स्थित गांव टोबा से सामने आया है, जहां एक्टिवा पर जा रहे बाप-बेटे पर लुटेरों ने तेजधर हाथियार से हमला कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार 2 बाइकों पर सवार होकर आए 5 लुटेरों ने एक डिपार्टमेंटल स्टोर मालिक और उनके बेटे को घेरकर उन पर जानलेवा हमला किया। जिसके बाद लुटेरे पीड़ित बाप-बेटे की एक्टिवा व नकदी लूटकर फरार हो गए। इस हमले में बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है जिसके सिर और शरीर पर करीब 17 टांके आए हैं। हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद होने के बावजूद पुलिस ने अब तक मामला दर्ज नहीं किया है।
जानकारी के अनुसार अशोक कुमार और उनका बेटा पुनीत कुमार रात करीब 10 बजे जब दोनों अपनी ब्लैक कलर की एक्टिवा पर सवार होकर दुकान बंद कर घर की ओर जा रहे थे तभी टोबा गांव के बाहर लुटेरों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में लुटेरों साफ दिखाई दे रहे है जैसे ही पिता-पुत्र अपनी एक्टिवा से घर को जा रहे पीछे से दो मोटरसाइकिलों पर सवार 5 बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका संतुलन बिगड़ने से एक बाइक सवार नीचे गिरा जिसके बाद बाइक से उतरे दो लुटेरों ने पुनीत कुमार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। दूसरी बाइक से उतरे तीन अन्य बदमाशों ने अशोक कुमार को जबरन एक्टिवा से नीचे उतारा और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। फुटेज में दिख रहा है कि लुटेरे पुनीत को पीटते हुए पीछे की ओर ले गए जबकि उनके साथी मौके से एक्टिवा और नकदी लेकर फरार हो गए।
घायल पुनीत कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने बताया कि हमले में पुनीत को काफी गहरी चोटें आई हैं जिसके कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा और करीब 17 टांके लगे हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद मराडो पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है और अभी तक एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की गई है। अशोक ने कहा हम अपनी मेहनत की कमाई कर घर लौट रहे थे। बदमाशों ने हमें जान से मारने की कोशिश की। सीसीटीवी में सब साफ है फिर भी पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही क्या पुलिस किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है।