संगरूरः जिले के गांव फग्गूवाला कैंचियां के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां कार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सुनाम साइड से आ रही कार की चपेट में आने से यह हादसा हुआ है। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक की पहचान 70 वर्षीय रमेश कुमार पुत्र घनहैया निवासी गांव फग्गूवाला के रूप में हुई है।
वहीं मामले जानकारी देते हुए बलप्रीत सिंह ने बताया कि मृतक रमेश उनके पास नौकरी करता था। पुलिस को दी शिकायत में बलप्रीत ने कहा कि रमेश पिछले 3 साल से उनके यहां पशुओं की देखभाल के लिए नौकरी कर रहा था। रमेश का कोई पारिवारिक सदस्य नहीं था और ना ही उसने इस बारे में कभी कुछ बताया था। बलप्रीत ने कहा कि उनके पड़ोसी ने फोन करके सूचना दी कि नौकर का फग्गूवाला कैंचियां के पास एक्सीडेंट हो गया है।
जब वे मौके पर पहुंचे तो पता चला कि सुनाम साइड से आ रही एक कार ने रमेश कुमार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में सहायक सब-इंस्पेक्टर सरबजीत सिंह से बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है, जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।