लुधियानाः शहर के दिल्ली रोड स्थित ढंडारी कलां इलाके में उस समय सनसनी फैल गई जब 13 वर्षीय बच्ची ने संदिग्ध हालातों में घर के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतका की पहचान अंजली (13) निवासी ढंडारी खुर्द के रूप में हुई है।
जानकारी मुताबिक, अंजली 6वीं कक्षा की छात्रा थी और मंगलवार को परीक्षा देकर घर लौटी थी। परिवार के मुताबिक शाम को घर आने के बाद वह सीधे अपने कमरे में चली गई। कुछ समय बाद जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह पंखे से फंदे पर लटकी हुई मिली। जब तक उसे नीचे उतारा गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामला पंजाब पुलिस के थाना फोकल प्वाइंट अधीन चौकी ढंडारी के क्षेत्र में आता है।
जांच अधिकारी हैड कांस्टेबल हरबंस सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस के अनुसार मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और आत्महत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। फिलहाल किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।