Loading...
Punjab Govt
HomeHimachalऊना ने बनाई विकास की नई पहचान : मुकेश अग्निहोत्री

ऊना ने बनाई विकास की नई पहचान : मुकेश अग्निहोत्री

WhatsApp Group Join Now
WhatsApp Channel Join Now

ऊना/सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना जिले ने बीते वर्षों में विकास की नई पहचान बनाई है। औद्योगिक, शैक्षणिक तथा आधारभूत ढांचे सहित विकास के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। उन्होंने सभी से सामूहिक प्रयास और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जिले की पहचान को देश-विदेश में और ऊंचा उठाने का आह्वान किया। वे रविवार को हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद ऊना के 52वें राज्य स्तरीय वार्षिक अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरि सिंह को श्रद्धांजलि, परिषद की भूमिका सराही

उपमुख्यमंत्री ने परिषद के संस्थापक स्वर्गीय कंवर हरि सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें दूरदर्शी एवं कर्मठ व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, समाज सेवा और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनकी सोच ने नई दिशा प्रदान की। हिमोत्कर्ष कॉलेज की स्थापना कर उसे दो दशकों तक सफलतापूर्वक संचालित करना उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। अब सरकार इस कॉलेज का संचालन कर रही है। उन्होंने परिषद के जनकल्याण और सेवा के कार्यों की खुले मन से तारीफ की। कार्यक्रम में परिषद ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 1 लाख 1 हजार रुपये का अंशदान भी भेंट किया।

2500 करोड़ की बल्क ड्रग पार्क परियोजना गति पर

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि जिले में लगभग 2500 करोड़ रुपये लागत की बल्क ड्रग पार्क परियोजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। भूमि समतलीकरण कार्य आरंभ हो चुका है तथा अन्य निर्माण कार्यों के टेंडर जारी किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश में स्थापित हो रही तीन राष्ट्रीय बल्क ड्रग पार्क परियोजनाओं में से एक का ऊना में स्थापित होना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इससे न केवल औद्योगिक परिदृश्य को नया आयाम मिलेगा, बल्कि हिमाचल प्रदेश फार्मा क्षेत्र में वैश्विक मानचित्र पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करेगा। परियोजना के माध्यम से एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रेडिएंट्स के क्षेत्र में चीन पर निर्भरता कम होगी और औषधीय आत्मनिर्भरता को बल मिलेगा।

माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर विकास एवं विस्तारीकरण को पहले चरण में 130 करोड़

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के विकास, विस्तारीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए प्रथम चरण में लगभग 130 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवा दी गई है। प्रशासन को सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कर कार्य तुरंत प्रभाव से आरंभ करवाने के निर्देश दिए हैं। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि इसकी दैनिक मॉनिटरिंग हो, ताकि परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माता वैष्णो देवी मंदिर का भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप विकसित हुआ है और श्री वृंदावन धाम में व्यापक स्तर पर आधारभूत ढांचे का विस्तार किया गया है, उसी तर्ज पर माता श्री चिंतपूर्णी धाम का भी सुनियोजित एवं भव्य विकास किया जाएगा।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध हो सकें और धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिले।

विकास पथ पर अग्रसर ऊना

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना में पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर निर्माणाधीन है, इंडियन ऑयल का डिपो स्थापित हो चुका है तथा गैस पाइपलाइन जिले तक पहुंच चुकी है। ये सब परियोजनाएं जिले विकास की कहानी कहती हैं । उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गोविंद सागर झील में जल परिवहन की संभावनाओं पर कार्य जारी है, जिसे पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जल क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्यों से अब घर-घर नल कनेक्शन उपलब्ध हैं तथा खेतों तक सिंचाई सुविधा पहुंची है। नकदी फसलों के उत्पादन में वृद्धि हुई है। ऊना नगर निगम का गठन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जिले में अनेक अन्य पुलों का निर्माण भी प्रगति पर है।वहीं हरोली सोमभद्र सेतु ने कनेक्टिविटी को सुदृढ़ किया है।

शिक्षा क्षेत्र की मजबूती से बेटियों की उड़ान

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय जिले में शिक्षण संस्थानों की कमी थी, लेकिन आज स्थिति बदली है। बेटियां राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। ट्रिपल आईटी में देशभर के विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं, जिससे जिले की शैक्षणिक पहचान सुदृढ़ हुई है।

उन्होंने कहा कि ऊना की अनेक हस्तियां अमेरिका सहित विभिन्न देशों में साइबर टेक्नोलॉजी, चिकित्सा और शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। ऐसे प्रवासी भारतीयों से वे लगातार संवाद करते हैं और उन्हें अपनी मातृभूमि से जुड़े रहने तथा समय-समय पर यहां आकर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करने का आग्रह करते हैं।

शूरवीरों-कर्मवीरों का सम्मान

उपमुख्यमंत्री ने समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों और संस्थाओं को वर्ष 2025-26 के हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता पुरस्कार तथा हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री पुरस्कार प्रदान किए।

हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता पुरस्कार 2025-26 के अंतर्गत कांगड़ा जिला के शाहपुर से संबंधित शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार (सेना मेडल) को अमर शहीद कैप्टन अमोल कालिया स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता शौर्य पुरस्कार (मरणोपरांत) से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी माता, पत्नी और पुत्र ने ग्रहण किया। ऊना जिला के बाथू गांव से बीएसएफ के सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक व्यास देव को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में प्रदर्शित अदम्य साहस के लिए अमर शहीद कैप्टन अमोल कालिया स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता (राष्ट्र समर्पण एवं प्रेरणास्त्रोत) पुरस्कार प्रदान किया गया।

सिरमौर जिला के शिलाई की भारतीय महिला कबड्डी टीम की उपकप्तान पुष्पा राणा को स्व. इंजीनियर मनमोहन सिंह कुंवर एवं प्रोमिला कुंवर स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता (श्रेष्ठ युवा प्रतिभा – खेल) पुरस्कार से अलंकृत किया गया। हमीरपुर जिला से पंजाब केसरी टीवी हिमाचल के राज्य प्रमुख डॉ. संजीव शर्मा को उत्कृष्ट पत्रकारिता के लिए अमर शहीद लाला जगत नारायण स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार प्रदान किया गया।

बिलासपुर जिला के घुमारवीं से संबंधित तथा डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में सहायक प्रोफेसर डॉ. अनिकेता शर्मा को समाज के प्रति उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाओं के लिए स्व. इंजीनियर पंडित राम शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता (उत्कृष्ट चिकित्सक) पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

हिमाचल मंडी जनकल्याण सभा (पंजीकृत), दिल्ली को नेत्र चिकित्सा एवं समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए स्व. डॉ. डी.आर. गर्ग स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता उत्कृष्ट नेत्र आयुर्विज्ञान पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसी प्रकार हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री पुरस्कार 2025-26 के अंतर्गत झारखंड राज्य न्यायिक सेवा में जिला जज (वरिष्ठ न्यायिक सेवा) पद पर चयनित ऊना जिला के डंगोली गांव के शिव करण राणा को स्व. रोशन लाल शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री शान-ए-ऊना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके भाई बहादुर सिंह राणा ने प्राप्त किया।

हिमाचल महासभा, चंडीगढ़ को स्व. संतोष कंवर एवं स्व. कंवर हरिसिंह स्मारक हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री (उत्कृष्ट समाजसेवी संस्था) पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त बिलासपुर के साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त संयुक्त सचिव, हिमाचल प्रदेश विधानसभा शिमला, श्याम लाल शर्मा को राणा शमशेर सिंह स्मारक हिमोत्कर्ष हिमाचल श्री श्रेष्ठ लेखन, साहित्य एवं संस्कृति पुरस्कार से अलंकृत किया गया।

इसके अतिरिक्त बीएससी माइक्रोबायोलॉजी में प्रदेश टॉपर दीपिका को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया । 10वीं और 12वीं कक्षा में मेरिट में रहे विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया तथा जरूरतमंदों को सहायक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद ऊना के राज्य अध्यक्ष जितेंद्र कंवर ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए परिषद की अब तक की स्वर्णिम यात्रा का विवरण और कार्यों का ब्योरा प्रस्तुत किया।

सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर राजीव ठाकुर ने परिषद के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक ओपी रतन, शहीद अमोल कालिया के पिता सतपाल कालिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, परिषद के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

 

Disclaimer

All news on Encounter India are computer generated and provided by third party sources, so read and verify carefully. Encounter India will not be responsible for any issues.

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -
Punjab Govt

Latest News

- Advertisement -
- Advertisement -

You cannot copy content of this page