चंडीगढ़ः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में कैबिनेट की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान पंजाब के विभिन्न मुद्दों पर अहम निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 40 लाख परिवारों के लिए बड़ा ऐलान किया है। मेरी रसोई, मेरी योजना के तहत परिवारों को फूड किट दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि गेहूँ के साथ-साथ नीला कार्ड धारक लोगों को 2 किलो मूंग की दाल, 2 किलो चीनी, 1 किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और 1 लीटर सरसों का तेल दिया जाएगा। राशन हर तीन-तीन महीने में उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस राशन की गुणवत्ता की जाँच जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि मार्कफेड और फूड एंड सप्लाई विभाग इस फूड किट का वितरण करेंगे।
मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि सरकार लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाओं में सुधार कर रही है। कई बार ऐसी आवश्यकताएं सामने आती हैं, जो मैनिफेस्टो के समय स्पष्ट नहीं होतीं। इन्हीं जरूरतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। यह सुविधा उन परिवारों को मिलेगी जिनके पास नीला राशन कार्ड है। सरकार का कहना है कि इस कदम से जरूरतमंद परिवारों को रसोई का जरूरी सामान एक साथ उपलब्ध हो सकेगा और उन्हें अतिरिक्त राहत मिलेगी। सीएम भगवंत मान ने कहा कि सरकार तीन महीने का सामान पहले ही दे देगी। ताकि लोगों को परेशानी ना हो।
इसमें खासतौर पर गुणवत्ता का ध्यान रखा जाएगा। मार्कफेड डिस्ट्रिब्यूशन के लिए किट तैयार करेगी और पूरी तरह से इसकी क्वालिटी जांच भी होगी। सीएम भगवंत मान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एक स्टडी के अनुसार बच्चों में जरूरी पोषक तत्वों की कमी देखने को मिली। जिसके बाद इस योजना पर विचार किया गया। प्रशासनिक स्तर पर योजना को लागू करने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं, ताकि फूड किट समय पर लाभार्थियों तक पहुंचाई जा सके। पंजाब का बजट 8 मार्च, रविवार को ही पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि यह दिन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को संसद बुला सकते हैं तो पंजाब सरकार भी बजट पेश कर सकती है। गुरदासपुर में दो पुलिस कर्मियों की हत्या मामले में सीएम ने दुख जाहिर किया और कहा कि इस मामले में जांच अभी जारी है।