जीरकपुरः सट्टेबाजी के जरिए लोगों से ठगी मारने के मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना जीरकपुर पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के जरिए लोगों से ठगी करने वाले एक गिरोह 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद शाह आलम, मोहम्मद शाह नवाज शम्सी और करण गौरव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये आरोपी पेंटा होम्स, जीरकपुर के ब्लॉक डी-3 की छठी मंजिल पर रह रहे थे और वहीं से अपने नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे।
मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी सतिंदर सिंह ने बताया कि एएसआई गुरनाम सिंह अपनी टीम के साथ गश्त पर तैनात थे। इसी दौरान पटियाला चौक के पास एक मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भोले-भाले लोगों को पैसों का लालच देकर ऑनलाइन क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाने के नाम पर अपने खातों में रकम ट्रांसफर करवा रहे हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 फोन, 12 पासबुक, 48 एटीएम कार्ड और 36 चैकबुक बरामद की गई है। इस संबंधी वह कोई दस्तावेज नहीं दिखाए गए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध किया है। जिसके बाद आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 3 दिन का रिमांड हासिल किया गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन सट्टे या निवेश के झांसे में आकर अपनी बैंकिंग या निजी जानकारी साझा न करें।