चंडीगढ़, 20 फरवरी 2026: पंजाब की औद्योगिक प्रगति को बड़ा बल देते हुए JSW ग्रुप के चेयरमैन सज्जन जिंदल ने राजपुरा में ₹1,500 करोड़ के निवेश की घोषणा की है। यह घोषणा पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन और बिजली मंत्री संजय अरोड़ा के साथ मुंबई में हुई रणनीतिक बैठक के बाद की गई।
बैठक में पंजाब इन्वेस्ट के सीईओ अमित ढाका भी मौजूद रहे। चर्चा का केंद्र आगामी इंवेस्ट पंजाब समिट 2026 से पहले राज्य में औद्योगिक निवेश को गति देना रहा।
राजपुरा में स्टील सेक्टर को मजबूती
अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित ₹1,500 करोड़ का निवेश पंजाब के मैन्युफैक्चरिंग बेस को सुदृढ़ करेगा और स्टील वैल्यू चेन को और गहरा बनाएगा। इससे क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है।
सज्जन जिंदल ने संकेत दिया कि JSW ग्रुप पंजाब में अपने अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों में भी संभावनाओं का आकलन कर रहा है।

इंवेस्ट पंजाब समिट में सहभागिता
जिंदल ने 13 मार्च को प्लाक्षा यूनिवर्सिटी में आयोजित होने वाले इंवेस्ट पंजाब समिट के उद्घाटन सत्र में शामिल होने की पुष्टि की। उन्होंने राज्य सरकार की निवेशक-अनुकूल नीतियों की सराहना की।
पंजाब की औद्योगिक क्षमता
मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि पंजाब उत्तर भारत के बाजारों से उत्कृष्ट संपर्क, मजबूत MSME इकोसिस्टम, कुशल श्रमशक्ति और विकसित औद्योगिक क्लस्टरों के कारण निवेश के लिए उपयुक्त राज्य है।
उन्होंने बताया कि पंजाब को Ease of Doing Business सुधारों में ‘Top Achiever’ के रूप में मान्यता मिल चुकी है और राज्य में सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली लागू है, जो समयबद्ध स्वीकृति सुनिश्चित करती है।
नई औद्योगिक नीति की तैयारी
मंत्री ने जानकारी दी कि पंजाब सरकार एक नई और भविष्य-उन्मुख औद्योगिक नीति को अंतिम रूप देने के उन्नत चरण में है। इसका उद्देश्य अगली पीढ़ी के विनिर्माण और तकनीक-आधारित निवेश को आकर्षित करना है।
प्रस्तावित नीति में प्रतिस्पर्धी प्रोत्साहन, प्लग-एंड-प्ले औद्योगिक अवसंरचना, सेक्टर-विशिष्ट पार्क, तेज मंजूरी प्रक्रिया और बेहतर लॉजिस्टिक्स व्यवस्था शामिल होगी।
सनराइज सेक्टर और रोजगार पर जोर
राज्य सरकार रक्षा निर्माण, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, नवीकरणीय ऊर्जा, उन्नत सामग्री और उच्च स्तरीय इंजीनियरिंग जैसे सनराइज सेक्टर पर विशेष ध्यान दे रही है।
सरकार का लक्ष्य मूल्यवर्धित विनिर्माण को बढ़ावा देना, निर्यात में वृद्धि करना और पंजाब के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करना है।
मंत्री अरोड़ा ने कहा कि JSW के प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग, हैंडहोल्डिंग और फास्ट-ट्रैक मंजूरी सुनिश्चित करेगी, साथ ही विश्वसनीय बिजली आपूर्ति और बेहतर लॉजिस्टिक ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा।