ललितपुर: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक तेज रफ्तार प्राइवेट यात्री बस ने बाइक सवार एक मासूम बच्चे सहित 3 लोगों को कुचल दिया। इस हादसे में बाइक सवार पिता पुत्र समेत 3 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घटना बानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुगरवारा ग्राम के भरौनी तिराहे के पास की है। मौत की सूचना मिलते परिजनों में कोहराम मच गया। घटना थाना बानपुर क्षेत्र के ग्राम गुगरवारा के पास भरौनी तिराहे के निकट ललितपुर-बानपुर मार्ग पर हुई।
ग्राम तोर (थाना बानपुर) 27 वर्षीय देशपत पुत्र इमरत अपनी ससुराल ग्राम चकोरा गया हुआ था। वहीं उसकी साली का पति 21 वर्षीय रिंकू पुत्र वीर सिंह, निवासी सुरई घाट कॉलोनी (कोतवाली सदर, ललितपुर) भी ससुराल में मौजूद था। मिली जानकारी के अनुसार देशपत अपने ससुर हनुमत की बाइक से रिंकू और अपने 6 वर्षीय पुत्र कार्तिक को लेकर ग्राम तोर से वापस चकोरा लौट रहा था। देर शाम करीब 8 बजे जब तीनों गुगरवारा के पास पहुंचे, तभी टीकमगढ़ से ललितपुर की ओर आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार देशपत तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी पत्नी रचना दो महीने से मायके चकोरा में रह रही थी, जिसके चलते वह ससुराल गया था। वहीं रिंकू दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। उसकी शादी सात महीने पहले जयंती से हुई थी। जयंती भी एक महीने से मायके में थी और रिंकू वहीं रुका हुआ था। क्षेत्राधिकारी महरौनी रक्षपाल सिंह ने बताया कि बानपुर-ललितपुर मार्ग पर बस-बाइक की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हुई है। बस को बरामद कर लिया गया है और एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। चालक की तलाश की जा रही है।
