बठिंडाः जिले के गांव बहमन दीवाना में बुधवार को लाल रंग के सूटकेस में युवती की लाश मिली थी। सूटकेस के पास आवारा कुत्ते घूम रहे थे और सूटकेस खींच रहे थे। सूटकेस में मिली युवती की लाश की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान मोगा जिले के बाघापुराना की रहने वाली मलिका के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने युवती की हत्या करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
युवती की पहचान के कुछ घंटे बाद ही पुलिस हत्यारों तक पहुंच गई। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। सूत्र बताते है कि युवती की हत्या में उसके करीबी का हाथ था, जो पुलिस पूछताछ में खुलासा करेगा कि उसने युवती की हत्या क्यों और किस कारण की थी।हालांकि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है।
इस पूरे मामले को लेकर पुलिस के बड़े अधिकारी शुक्रवार यानी आज मीडिया के सामने खुलासा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि मलिका पिछले काफी समय से बठिंडा में ही रह रही थी। फिलहाल उसके पीछे परिवार का कोई भी सदस्य सामने नहीं आया है। बठिंडा में अपने किसी दोस्त के साथ रह रही थी, लेकिन वह दोस्त कौन है और कहां रहता है, इस बारे में पुलिस को अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है।
आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सूटकेस को यहां कौन और कब फेंककर गया। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि मलिका की हत्या किसने की और उसका बठिंडा में साथ रहने वाला दोस्त कौन था। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह मामला आपसी विवाद, प्रेम संबंध या किसी अन्य रंजिश से तो जुड़ा नहीं है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
