चंडीगढ़ः भारती एयरटेल लिमिटेड को निशाना बनाकर महत्वपूर्ण 4G/5G दूरसंचार बुनियादी ढांचे की चोरी के खिलाफ पंजाब पुलिस ने एक बड़े और निरंतर अभियान में 17 और लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीजीपी गौरव यादव की अगुवाई में की गई। इसी के साथ राज्य भर में कुल गिरफ्तारियों की संख्या 126 हो गई है। वहीं इस मामले में पुलिस द्वार दर्ज की गई FIR की संख्या 140 हो गई है। इन निर्णायक कार्रवाइयों से आवश्यक सार्वजनिक दूरसंचार सेवाओं में व्यापक व्यवधान को टाला जा सका है।
मामले की जानकारी देते हुए एसआईटी अध्यक्ष आईजीपी राजपाल संधू ने बताया कि आरोपियों ने विशेष रूप से उच्च मूल्य वाले जीयूसी1 कार्ड (बेस बैंड यूनिट) को निशाना बनाया, जो 4जी और 5जी सिग्नल के प्रसारण के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, “चोरी की पूरी घटना 2 मिनट से भी कम समय में अंजाम दिया गया। घटना को अंजान देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।”
इन चोरियों के कारण प्रभावित क्षेत्रों में दूरसंचार सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं, जिससे जनता को आवश्यक वॉयस और डेटा कनेक्टिविटी से वंचित होना पड़ा। आईजीपी ने कहा कि तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी के संयोजन का उपयोग करते हुए, पंजाब पुलिस ने इन चोरियों में शामिल नेटवर्क को सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया है।
उन्होंने कहा, “पूरे आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।” पंजाब पुलिस ने सभी असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि वे ऐसी गतिविधियां तुरंत बंद कर दें अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस बलों द्वारा विशेष टीमें गठित की गई हैं और जांच आगे बढ़ने के साथ-साथ और गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।
