लुधियानाः पंजाब भर में ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ चलाया जा रहा है। इस सर्च ऑपरेशन के दौरान देहात पुलिस ने गाड़ियों की तालाशी के दौरान भारी मात्रा में कार से नगदी बरामद की है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी अंकुर गुप्ता ने बताया कि देहात में अपराधिक घटनाओं पर लगाम कसने के लिए आज यह कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान जहां अलग-अलग जगहों पर सर्च किया जा रहा है। वहीं संदिग्ध वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है।
इसके तहत जिले के संवेदनशील और प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर सघन चेकिंग की गई। जहां बद्दोवाल क्रॉसिंग पर कार की तालाश के दौरान गाड़ी से 13 लाख की संदिग्ध नकदी बरामद हुई। इस नगदी के बरामद होने के बाद आई सेल के विभाग को सूचित कर दिया गया है। अभियान के दौरान डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संदिग्ध कारों, मोटरसाइकिलों और व्यक्तियों की गहन जांच की। इस दौरान बिना कागजात घूम रही कई गाड़ियों के चालान काटे गए। इस दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की।
एसएसपी अंकुर गुप्ता ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराधियों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हो और अपराधियों में पुलिस का भय बना रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ का मुख्य उद्देश्य अपराध पर अंकुश लगाना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और क्षेत्र में अमन-कानून बनाए रखना है।
