ऊना /सुशील पंडित: संत बाबा बाल जी महाराज के आश्रम में चल रहे वार्षिक महोत्सव के सातवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज़ क्षेत्रों से पहुंचे भक्तों ने सत्संग, भजन-कीर्तन और कथा का आनंद लेते हुए आध्यात्मिक वातावरण में भाग लिया। पूरे आश्रम परिसर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर अपने प्रवचनों में संत बाबा बाल जी ने कहा कि सच्ची भक्ति ही मनुष्य के जीवन में सुख और संतोष का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने बताया कि भौतिक सुख क्षणिक होते हैं, जबकि ईश्वर की भक्ति से मिलने वाला आनंद स्थायी होता है। बाबा जी ने संगत को प्रेम, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
उन्होंने यह भी कहा कि सत्संग से मन की शांति बढ़ती है और व्यक्ति नकारात्मक विचारों से दूर रहता है। समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना विकसित करने के लिए आध्यात्मिकता आवश्यक है।महोत्सव के दौरान आश्रम में दिन-रात लंगर की व्यवस्था की गई है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। सेवादार भक्तों की सेवा में पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।
आयोजकों के अनुसार महोत्सव के आगामी दिनों में भी धार्मिक कार्यक्रम, कथा-प्रवचन और भजन-कीर्तन जारी रहेंगे, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।वहीं आज संत बाबा बाल जी के दरबार पहुंचे भाजपा परिकर सहित अनुराग ठाकुर , कुटलैहड़ के पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो, श्याम मिन्हास, बलवीर चौधरी,राम कुमार,पाहु लाल नेत्री संतोष सैनी ने महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम पहुंचने पर श्रद्धालुओं और आश्रम प्रबंधन की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया।
