हरदोईः बेकाबू तेज रफ्तार डंपर द्वारा 3 लोगों को रौंदने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सड़क पर बिखरी मृतकों की लाशों से अफरा तफरी का माहौल बन गया। युवक हेलमेट लगाए हुए था, फिर भी उसकी जान नहीं बच सकी।
जानकारी देते परिजनों ने बताया, आदर्श (20) अपनी बहन मधु अवस्थी (23) को CTET की परीक्षा दिलाने हरदोई जा रहा था। सुबह भाई-बहन जाने लगे तो मौसी कामिनी ने कहा कि हमें भी घर छोड़ देना। इसके बाद वह भी बाइक पर बैठ गईं। आदर्श पहले मौसी को उनके ससुराल बावन चुंगी छोड़ने वाला था। इसके बाद बहन मधु को परीक्षा केंद्र पहुंचाने की योजना थी। तीनों एक ही बाइक से हरदोई शहर की ओर जा रहे थे।
सुबह 8:15 बजे ढोलिया चौराहा के नजदीक सामने से आ रहे डंपर (UP 30 CT 6385) ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक 5 मीटर तक घिसटती हुई सड़क किनारे पटरी से जा टकराई। हेलमेट पहने होने के बावजूद आदर्श के सिर में गंभीर चोट आई। उसका सिर फट गया। मधु और कामिनी भी बुरी तरह घायल हो गईं। तीनों सड़क पर दूर-दूर जा गिरे, उनके शरीर की कई हड्डियां टूट गईं। थोड़ी देर तक तपड़पने के बाद तीनों की मौत हो गई।
राहगीर मदद के लिए दौड़े और डंपर को रोक लिया, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सुरसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त डंपर को पुलिस ने जब्त कर लिया है।
