जोगा फोल्ड़ीवाल के रिश्तेदारों को राऊंडअप कर की जा रही पूछताछ
जालंधर, ENS: लक्की ओबराय की मौत के 12 घंटे बाद सिविल अस्पताल में 3 डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमॉर्टम किया गया। जिसमें डॉक्टर अरोड़ा, डॉक्टर बेअत सिंह और डॉक्टर अभिषेक शामिल रहे। पोस्टमार्टम के दौरान डेडबॉडी से 5 गोलियां निकाली गईं। इस दौरान 1 गोली गले में राइट साइड, 2 पेट में राइट साइड और 2 छाती में लगी थीं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद डेडबॉडी को किशनपुरा स्थित श्मशानघाट के फ्रीजर में रखवा दिया है। शनिवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम संस्कार मॉडल टाउन के श्मशानघाट में दोपहर 1 बजे किया जाएगा। ओबरॉय का पोस्टमार्टम करने में 2 घंटे से ज्यादा का वक्त लगा।
पोस्टमार्टम से जुड़ी टीम का कहना था कि शरीर के काफी अंदर तक गोलियां धंसी थी जिससे उनको निकालने में लंबा वक्त लग गया। इसके साथ ही कई पार्ट में गोलियां लगी थीं। टीम का कहना है कि 5 गोलियां निकाली गई हैं, लेकिन शरीर पर कई जगह और भी फायर लगे हैं जिनमें से गोलियां नहीं निकलीं, हो सकता है कि कुछ फायर छूकर निकल गए हों। बीते दिन डीजीपी ने कहा कि उन्हें लीड मिल गई है। वहीं दूसरी ओर इस मामले के बाद घर का नौकर गायब है और उसका फोन भी बंद आ रहा है। दरअसल, पुलिस सिटी के एंट्री पॉइंट के कैमरे चैक कर रही थी कि तभी शूटर और एक्टिवा चलाने वाला शख्स (संदिग्ध नौकर) एक क्रेटा कार में लम्मा पिंड चौक के कैमरे में नजर आए।
पुलिस ने कार के मालिक का पता किया तो क्लियर हुआ कि कार डीलर कालड़ा के पास यह कार थी। कालड़ा पहले ही कार चोरी के केस में तिहाड़ जेल में है। कालड़ा से जेल में बात की गई तो उसने कहा यह कार तो मैंने अरोड़ा को बेच दी थी। पुलिस अरोड़ा के पास पहुंची तो खुलासा हुआ कि उसने कार बैंक के जरिये लोन लेकर खरीदी थी, लेकिन उसे पैसे की जरुरत थी तो उसने एक महीने के लिए लक्की के पास गिरवी रख कर 2.40 लाख रुपए लिए थे। लक्की के स्टाफ ने पुलिस को बताया कि यह कार उनका नौकर ही ले गया था। उसने लक्की से कहा था कि वह कार खुद चला लेगा, लेकिन लक्की के कत्ल के बाद से वह नजर नहीं आया और फोन बंद आ रहा था। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि लक्की के पास यह नौकर करीब 2 साल से काम कर रहा है।
दूसरी ओर पुलिस का शक रामामंडी में एक हत्याकांड को अंजाम देने वाले आरोपी पर जा रहा है, जोकि काफी देर से पुलिस को वाटेड है। आजकल उक्त आरोपी द्वारा उसने अपना हुलिया बदल लिया है और इतना ही नहीं शहर में कई गैंगवारों में भी उसका नाम सामने आया है। फिलहाल पुलिस उक्त आरोपी के नाम की पुष्टि कर नहीं रही है क्योंकि पुलिस द्वारा अब तक की जांच में यह पुष्टि हो चुकी है कि आरोपियों द्वारा अपने बाल और दाढ़ी बढ़ाकर हुलिया बदल लिया गया है।
पुलिस ने आरोपी जोगा फोल्ड़ीवाल के 3-4 रिश्तेदारों को राऊंडअप कर उनसे पूछताछ की जा रही है। सीपी धनप्रीत कौर ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी जिन्होंने काली हुडियां पहनी हुई थीं, अपने एक्टिवा स्कूटर पर मौके से फरार हो गए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आगे की जांच जारी है। पुलिस ने आरोपी जोगराज सिंह उर्फ जोगा सहित 2 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 25 दर्ज कर ली गई है। इसमें बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) और 61(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत केस दर्ज किया गया है।
