शिमला, 6 फरवरी 2026: शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जिला शिमला के जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जल आपूर्ति, सिंचाई, सीवरेज, सड़कों और सार्वजनिक अवसंरचना से जुड़े कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जल शक्ति विभाग के अंतर्गत क्षेत्र में 250.25 करोड़ रुपये की लागत से 94 योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं, जबकि 152.34 करोड़ रुपये की लागत की 20 नई योजनाएं स्वीकृति के अंतिम चरण में हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि न्यू डेवलपमेंट बैंक (एनडीबी) के तहत 38 करोड़ रुपये की पब्बर लिफ्ट पेयजल आपूर्ति योजना पर कार्य प्रगति पर है, जिससे 27 पंचायतों को लाभ मिलेगा। इस परियोजना को 31 मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) के अंतर्गत जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र के लिए 22.82 करोड़ रुपये की लागत की नौ योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। साथ ही वर्ष 2023-24 से 2025-26 के दौरान विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के तहत 553.74 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू किए गए हैं।
बैठक में मंत्री ने योजना-वार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और आपसी समन्वय बेहतर करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न विभागों के 25 भवन जनता को समर्पित किए जा चुके हैं, जबकि 15 भवन निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा पीएमजीएसवाई-चतुर्थ चरण के अंतर्गत 112 करोड़ रुपये की लागत से 18 सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। मंत्री ने सभी योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कर जनता को शीघ्र लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
यह भी पढ़े:
- CM Sukhu ने मेडिकल टेस्टों की ऑनलाइन पेमेंट के लिए ऐप विकसित करने के दिए निर्देश
- CM Sukhu ने नेरचौक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को 8.37 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी
- स्टार्ट-अप एंड स्टूडेंट इनोवेशन पॉलिसी से युवाओं के स्टार्टअप को मिलेगा बढ़ावा
- न्यायालय परिसरों में ट्रांसजेंडर और विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों को दी गई 52 शौचालयों की सुविधा
