अमृतसरः लुधियाना की इन्फ्लुएंसर कमल कौर की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी रंजीत सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि रंजीत सिंह बठिंडा की इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर कमल कौर की निर्मम हत्या के मामले में भी वांछित था। इस हत्याकांड में उसका नाम सह-आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों के साथ सामने आया है। पुलिस का कहना है कि यह हत्या सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई थी और इसके पीछे आपराधिक साजिश के पुख्ता संकेत मिले हैं। आरोपी गंभीर यूएपीए और आर्म्स एक्ट के मामले में जमानत पर बाहर आने के बाद फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार रंजीत सिंह उस केस में आरोपी है, जिसमें उससे पहले 2 हैंड ग्रेनेड और पिस्टल बरामद किए जा चुके हैं। अदालत से जमानत मिलने के बाद वह पेशियों में अनुपस्थित रहा, जिसके चलते उसे जमानत जंपर घोषित किया गया था। उसकी गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा है।
वह अमृतसर के स्वर्ण मंदिर के निकट हेरिटेज स्ट्रीट पर लगी मूर्तियों में तोड़फोड़ की घटना में भी शामिल रहा है। इस घटना के बाद शहर में कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर स्थिति पैदा हो गई थी और व्यापक विरोध देखने को मिला था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रंजीत सिंह पहले भी कई हिंसक वारदातों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं के तहत कई केस दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है, ताकि उससे नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पूछताछ की जा सके।
