नई दिल्ली : उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में एक बार फिर से जोरदार बर्फबारी हुई है। बाबा केदार के मंदिर परिसर में करीबन 3 फीट तक बर्फ जम चुकी है। वहीं केदारनाथ की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर कई इंच मोटी बर्फ जम चुकी है। इसका वीडियो भी अब सामने आया है। आईटीबीपी के जवान लगातार सड़कों से बर्फ हटाने के लिए जुटे हुए हैं। उत्तरकाशी की बात करें तो यमुनोत्री धाम मंदिर क्षेत्र में भी जमकर बर्फबारी हुई है। आसमान से रुई की तरह गिर रही बर्फ मंदिर की खूबसूरती में चार-चांद लगा रहा है।
मौसम विभाग ने हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ-साथ तेज हवाओं और खराब मौसम की चेतावनी भी जारी की है। तीन पश्चिमी विक्षोभों के एक्टिव होने से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी का अलर्ट है।
प्रकृति ने खुद किया बाबा केदार का श्रृंगार
सामने आए नजारों में यह साफ पता चल रहा है कि प्रकृति ने खुद बाबा केदार का श्रृंगार किया है। बता दें कि पिछले कुछ दिन पहले बारिश शुरु हुई थी जिसके बाद केदारनाथ धाम में लगातार बर्फबारी हो रही है हालात ऐसे हो चुके हैं कि धाम का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है जबकि मंदिर परिसर और आस-पास के क्षेत्रों में 3-4 फीट तक बर्फ जम चुकी है।
बंद होगी केदारनाथ-बद्रीनाथ में गैर हिंदुओं की एंट्री
उत्तराखंड में गंगोत्री, यमुनोत्री, केदरानाथ और बद्रीनाथ के छोटा चार धाम मंदिरों की कमेटियों के प्रमुखों ने कहा है कि गैर हिंदुओं के मंदिर परिसर में प्रवेश पर जल्द ही रोक लगाई जा सकती है। पिछले हफ्ते बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के प्रमुख हेमंत द्विवेदी ने इस प्रस्तावित बदलाव का कारण स्थानीय पुजारियों की मांगों को बताया है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम समितियों के प्रमुखों ने कहा कि वो सभी इशी तरह के प्रस्ताव पर विचार करेंगे। तब से सवाल भी उठ रहे हैं कि यह फैसला असल में कैसे लागू होगा। साथ ही इसकी संवैधानिकता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
