सोनभद्रः जनपद के रॉबर्ट्सगंज सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित लोढ़ी टोल प्लाजा पर भारी हंगामा हो गया। जहां टोल कर्मियों और एक महिला अधिवक्ता के बीच मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में तब्दील हो गया। इस मारपीट में अधिवक्ता पक्ष के 3 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 2 की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जानकारी के मुताबिक, टोल प्लाजा पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। बताया जा रहा है कि राबर्ट्सगंज निवासी महिला अधिवक्ता आरती पांडे अपने रिश्तेदारों नवीन कुमार सिंह, गरिमा सिंह और अवनीश दुबे के साथ कार से ओबरा की ओर जा रही थीं। शाम करीब 4 बजे लोढ़ी टोल प्लाजा पर लंबा जाम लगा हुआ था। नवीन सिंह गाड़ी से उतरकर टोल बूथ पर जाकर जाम का कारण पूछने लगे। इसी दौरान टोल कर्मियों ने उनसे बदतमीजी की और गालियां देनी शुरू कर दीं। विवाद बढ़ने पर अन्य साथी भी बीच-बचाव के लिए पहुंचे, जिसके बाद टोल कर्मियों ने लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
Toll Plaza पर गुंडा* गर्दी, जमकर चले लात घूंसे, 3 घा*यल#TollPlazaViolence #ThugsAttack #RoadRage #3Injured #PublicSafety #CrimeNews #PoliceAction #BreakingNews #LocalUpdate #ViolentIncident pic.twitter.com/s82qliTFmI
— Encounter India (@Encounter_India) February 2, 2026
इस हमले में नवीन सिंह को सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि गरिमा सिंह और अन्य भी घायल हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार, टोल कर्मियों ने महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धक्का-मुक्की कर गिरा दिया, जिससे उनकी गरिमा को ठेस पहुंची। घटना के दौरान मौके पर मौजूद अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मारपीट की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय अधिवक्ता और सवर्ण आर्मी के सदस्य टोल प्लाजा पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने टोल प्लाजा पर जमकर हंगामा किया और तोड़फोड़ की। इस दौरान टोल बूथ और आसपास के हिस्सों को नुकसान पहुंचा। हंगामे के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची।
पीड़िता पक्ष की ओर से महिला अधिवक्ता आरती पांडे ने राबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर दी, जिसमें टोल कर्मियों पर मारपीट, अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और दो टोल कर्मियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायलों को सोनभद्र के राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें मारपीट के वीडियो भी सर्कुलेट हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और अधिवक्ता समुदाय में आक्रोश है और टोल कर्मियों के व्यवहार पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
