ऊना/सुशील पंडित: स्वदेशी जागरण मंच के संगठन मंत्री विनय शर्मा दो दिवसीय प्रवास पर जिला ऊना का दौरा करेंगे। उनके इस प्रवास के दौरान स्वदेशी विचार, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें वे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला पूर्णकालिक सत्य देव शर्मा सहोड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि विनय शर्मा का यह प्रवास समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरित करने के उद्देश्य से रखा गया है।
उन्होंने बताया कि दो फरवरी को बहडाला में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की एक विशेष संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर विनय शर्मा महिलाओं को स्वरोजगार, लघु उद्योग, स्वदेशी उत्पादों के उपयोग तथा स्थानीय संसाधनों पर आधारित उद्यमों के महत्व पर मार्गदर्शन देंगे। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना है।
इसके उपरांत तीन फरवरी को औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) ऊना में प्रशिक्षु विद्यार्थियों के लिए स्वरोजगार विषय पर एक सेमिनार आयोजित होगा। इस सेमिनार में विनय शर्मा युवाओं को तकनीकी कौशल के साथ-साथ उद्यमिता, स्टार्टअप, स्वरोजगार के अवसरों तथा ‘लोकल फॉर वोकल’ के महत्व के बारे में विस्तृत जानकारी देंगे। वे युवाओं को नौकरी की अपेक्षा रोजगार सृजन कर्ता बनने के लिए प्रेरित करेंगे।
स्वदेशी जागरण मंच का मानना है कि देश की आर्थिक मजबूती का आधार स्वदेशी विचार, स्थानीय उत्पादन और आत्मनिर्भरता है। मंच निरंतर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करने का कार्य कर रहा है।
स्वदेशी जागरण मंच के जिला पूर्णकालिक सत्य देव शर्मा सहोड़ ने जिले के युवाओं, महिलाओं एवं जागरूक नागरिकों से इन कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर स्वदेशी विचारधारा को मजबूत करने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आह्वान किया है।