कल राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा डिप्टी सीएम का अंतिम संस्कार
बारामतीः महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजीत पवार के साथ एक विमान दुर्घटना में 5 लोगों की मृत्यु हो गई। इस घटना में जौनपुर की फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की भी मौत हो गई। वहीं प्लेन क्रैश की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। 26 सैकेंड की सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि 8.46 मिनट में प्लेन क्रैश होते ही धमाका हुआ और मात्र 3 सैकेंड में प्लेन को आग लग गई। इस हादसे में अजीत पवार, उनके निजी सुरक्षा अधिकारी एचसी विदिप जाधव, 2 पायलट- सुमित कपूर और शांभवी पाठक तथा पिंकी माली की जान गई।
सभी शव जली हुई अवस्था में मिले। इस घटना को लेकर राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर छा गई। पीएम नरेंद्र मोदी सहित देश के कई दिगग्ज नेताओं ने घटना को लेकर शोक व्यक्त किया। मिली जानकारी के अनुसार उपमुख्यमंत्री अजित पवार का कल बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो ने इस विमान हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं पिंकी माली जौनपुर जिले में केराकत तहसील की निवासी थीं और उन्होंने 6 वर्षों तक फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में कार्य किया।
फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली जौनपुर के केराकत तहसील के भैंसा गांव की रहने वाली थी। पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली राष्ट्रवादी पार्टी के नेता भी हैं। परिवार के सभी लोग मुंबई में काफी समय से रहते हैं, कभी कभार इनका आना-जाना जौनपुर रहता था। परिवार से जुड़े कुछ लोग यहां रहते हैं। वहीं मौत की जानकारी से गांव के लोग और परिजन भी शोक में हैं। विमान हादसे में जान गंवाने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली के पिता शिव कुमार माली 4 भाई हैं। पिंकी की शादी भी हो चुकी है। परिवार के लगभग सभी लोग मुंबई में ही रहते हैं।
दुर्घटना उस लियर जेट-45 में हुई, जो VRS वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित था। इस प्रीमियम बिजनेस जेट की अधिकतम गति 870 किलोमीटर प्रति घंटे है और यह 3700 किलोमीटर की उड़ान भर सकता है। हादसा महाराष्ट्र से उड़ान भरने के बाद बारामती में लैंडिंग के दौरान हुआ, जहां अजीत पवार पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने जा रहे थे। रनवे पर उतरने से पहले विमान लो विजिबिलिटी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया।