चंडीगढ़ः पंजाब कैबिनेट की बैठक मंगलवार को चंडीगढ़ में हुई। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। मुख्यमंत्री योगी सरकार की तरह, पंजाब सरकार ने भी जनता और विकास से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दिया। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि राज्य में भगवान श्री राम के जीवन पर आधारित नाटक ‘हमारे राम’ को 40 जगहों पर प्रस्तुत किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में देश के कई नामी कलाकार भाग लेंगे। साथ ही कई प्रशासनिक और विकास संबंधी फैसलों को भी मंजूरी दी गई।
- सार्वजनिक जमीन देने के नियमों में बदलाव
पंजाब मैनेजमेंट एंड ट्रांसफर म्यूनिसिपल एक्ट 2020 की धारा 4 के तहत, नगर परिषद की जमीन को अब किसी विभाग या संस्था को देने की प्रक्रिया आसान हो गई है। अब डिप्टी कमिश्नर की अगुआई वाली कमेटी सभी फैसले लेगी। यह कमेटी तय करेगी कि जमीन लीज, बिक्री या नीलामी के लिए किन नियमों के तहत दी जाएगी। पहले यह प्रक्रिया महीनों में पूरी होती थी, लेकिन अब जल्दी निर्णय लिए जा सकेंगे। मंत्री ने बताया कि उन्हें पुलिस विभाग को जमीन देने में पहले लगभग 8 महीने लग गए थे, अब यह समय कम होगा।
- कच्चे रास्तों से लोकल बॉडी को राजस्व
कई सरकारी रास्ते, जो पहले कच्चे या अधूरे थे, अब शहरों और कॉलोनियों में शामिल हो चुके हैं। इनसे अब राज्य को कोई राजस्व नहीं मिलता था। अब लोकल बॉडी विभाग को इन रास्तों से राजस्व प्राप्त होगा। पहले यह व्यवस्था केवल गमाडा और ग्लाडा में लागू थी।
- प्रोजेक्ट में तीन साल का एक्सटेंशन
पंजाब में कॉलोनाइज़र को अपने प्रोजेक्ट के लिए पहले 5 साल की स्वीकृति दी जाती थी। अब प्रोजेक्ट की समयसीमा बढ़ाने के लिए केवल एक बार 3 साल का एक्सटेंशन मिलेगा। इसके लिए कॉलोनाइज़र को प्रति एकड़ 25 हजार रुपए शुल्क देना होगा। कुल मिलाकर यदि एक प्रोजेक्ट का एक्सटेंशन लेना है तो 75 हजार रुपए प्रति एकड़ भरने होंगे।
- FAR (फ्लोर एरिया रेशियो) चार्ज घटाया गया
पहले फ्लोर एरिया बढ़ाने पर 50% चार्ज लगते थे। अब यह चार्ज घटाकर 25% कर दिया गया है। इससे जमीन मालिकों और डेवलपर्स को फायदा होगा।
- चार अस्पताल बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के अंतर्गत
चार अस्पताल अब बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के अंतर्गत आ जाएंगे। जिनमें सिविल अस्पताल बादल (मुक्तसर साहिब), सिविल अस्पताल खडूर साहिब (तरनतारन), सीएचसी जलालाबाद (फाजिल्का), टर्शियरी केयर कैंसर सेंटर फाजिल्का। पहले इन अस्पतालों को पंजाब सरकार चला रही थी।
- 1,000 नए योगा ट्रेनर भर्ती
सीएम योगशाला प्रोजेक्ट में पहले 635 योगा ट्रेनर काम कर रहे थे। अब 1,000 नए योगा ट्रेनर भर्ती होंगे। उन्हें पहले 8 महीने फील्ड ट्रेनिंग दी जाएगी, जिसमें 8,000 रुपए प्रति माह मिलेंगे। प्रशिक्षण के बाद उनकी सैलरी 25,000 रुपए प्रति माह होगी।
- पंजाब सिविल सर्विसेज में योग्यता नियम तय
पदों के लिए विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता स्पष्ट करनी होगी। आवेदन की आखिरी तारीख तक निर्धारित शिक्षा योग्यता पूरी होनी चाहिए। इससे अदालतों में आने वाले विवाद कम होंगे।
- आबकारी और कर विभाग के सर्विस रूल्स
पंजाब आबकारी और कर विभाग में सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-वन के नियम अब तय किए गए हैं। इससे लंबे समय से अधूरे नियमों की कमी पूरी हो गई।
- बागबानी क्षेत्र का विस्तार
बागबानी क्षेत्र को बढ़ाने के लिए जापान के साथ प्रोजेक्ट मंजूर हुआ। फिलहाल बागबानी क्षेत्र 6% है, इसे अगले 10 सालों में 15% तक बढ़ाया जाएगा। यह पूरे राज्य में लागू किया जाएगा और लोगों को फायदा होगा।