ढाका: बांग्लादेश में हिन्दुओं को लेकर लगातार माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। दरअसल, वहां पर हिन्दुओं की मौत को लेकर आए दिन खबरें सामने आ रही है। वहीं अब एक और हिंदू युवक की हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय जॉय महापात्रो निवासी गांव भांगडोहर, जिला सुनामगंज के रूप में हुई है। जॉय महापात्रा की मौत के बाद गांव में शोक की लहर छा गई।
परिवार का दावा है कि 500 टका के कर्ज़ को लेकर स्थानीय दुकानदार अमीरुल इस्लाम ने उनके साथ मारपीट की और सबके सामने बेइज्ज़त किया, जिसके बाद उन्होंने ज़हर खा लिया। परिवार के सदस्यों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जॉय ने बुरहानपुर गांव के अमीरुल इस्लाम से 5,500 टका में एक मोबाइल फोन खरीदा था। उन्होंने 2,000 टका पहले ही दे दिए थे और बाकी रकम 500 टका की साप्ताहिक किस्तों में देनी थी।
जॉय नियमित रूप से पैसे दे रहे थे, लेकिन बताया जाता है कि वह आखिरी 500 टका की किस्त देने में पीछे रह गए थे। जॉय के चचेरे भाई अयान दास ने बताया, “गुरुवार शाम को, जॉय पैसे देने के लिए अमीरुल इस्लाम की दुकान पर गया था। दुकानदार अमीरुल इस्लाम ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, उसे गालियां दीं और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इस घटना के बाद, जॉय उसी दुकान से चूहे मारने का ज़हर खरीदकर घर लौट आया।”