कोटाः सड़क हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। हादसे में मृतक ट्रॉली के नीचे दब गया था। मृतक की पहचान अर्जुनपुरा निवासी नरेश सोलंकी (30) के रूप में हुई है।
जानकारी मुताबिक, बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव अर्जुनपुरा में नरेश अपने खेत में उगे आलू ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर सब्जी मंडी ले जा रहे थे। ट्रैक्टर उनके पिता चला रहे थे, जबकि नरेश ट्रॉली में आलू की बोरियों के ऊपर बैठा हुआ था। इस दौरान अर्जुनपुरा स्थित तुलसी रिजॉर्ट के पास ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और ट्रॉली पलट गई। ट्रॉली पलटते ही नरेश उसके नीचे दब गया और गंभीर घायल हो गया। परिजन और ग्रामीण उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया। एमबीएस अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने नरेश को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के दोस्त कंवर चौधरी ने बताया कि नरेश सोलंकी भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हुए थे। वे बोरखेड़ा मंडल में मंत्री पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलने पर बोरखेड़ा थाना पुलिस एमबीएस अस्पताल पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम रूम में शिफ्ट कराया और आगे की कार्रवाई शुरू की।