ऊना/सुशील पंडित: संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान ऊना में नववर्ष के उपलक्ष्य पर हर्षोल्लास के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नव वर्ष अभिनंदन कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष महिला मंच की सदस्यों, संस्थान की छात्राओं, स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। नववर्ष की खुशी को साझा करते हुए नन्हीं बच्चियों से केक कटवाया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी उल्लासपूर्ण हो गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में गीत-संगीत का दौर चला और छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

हिमोत्कर्ष महिला मंच की वरिष्ठ उपाध्यक्ष व जेएनवी की सेवानिवृत प्राचार्य अनूपा ठाकुर ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढाऩे और अपने लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि संस्थान में युवतियों के लिए कटिंग टेलरिंग, फैशन डिजाइनिंग व अन्य हॉबी कोर्स चलाए जा रहे है। आगामी वर्ष में हिमोत्कर्ष महिला मंच नए जोश व उमंग के साथ सामाजिक गतिविधियों का आयोजन करेगी। इस अवसर पर सभी छात्राओं व स्टाफ सदस्यों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अनूपा ठाकुर, रंजना जसवाल, रमा कंवर, मनीषि ठाकुर, मंजू मनकोटिया, रेखा शर्मा, सुदेश जसवाल,रंजू बाला, मीना ठाकुर, निशा, काश्वी ठाकुर सहित संस्थान की छात्राएं उपस्थित रही।