जैसलमेरः नए साल के जश्न के बीच जैसलमेर से सटी भारत-पाक सीमा पर सतर्कता के दौरान सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने नाचना क्षेत्र में एक पाकिस्तानी नागरिक को सीमा में घुसते ही पकड़ लिया। ‘ऑपरेशन अलर्ट’ के तहत पकड़े गए घुसपैठिये से तलाशी के दौरान इशरत के पास से किसी भी प्रकार का कोई आपत्तिजनक सामान, हथियार, नक्शा या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल खुफिया एजेंसियां और BSF के आला अधिकारी गहन पूछताछ कर रही हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
राजस्थान के जैसलमेर जिले के नाचना क्षेत्र से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बुधवार शाम सीमा सुरक्षा बल की 72वीं बटालियन के जवान नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान शाम ढलते समय और हल्का कोहरा फैलने के बीच सीमा पार से एक व्यक्ति को भारतीय क्षेत्र की ओर आते देखा गया। संतरी द्वारा सूचना मिलते ही जवानों ने सतर्कता बरतते हुए घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति भारतीय सीमा के भीतर दाखिल हुआ, जवानों ने उसे रोका घेराबंदी कर और तारबंदी के पास पकड़ा। सामने सुरक्षा बलों को देखकर वह घबरा गया और भागने का प्रयास नहीं कर सका। इसके बाद जवानों ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए व्यक्ति को तुरंत पास की बॉर्डर आउट पोस्ट (BOP) पर लाया गया, जहां प्राथमिक पूछताछ शुरू की गई। पूछताछ में उसने अपना नाम इशरत (35), पुत्र राणा मोहम्मद असलम बताया। उसने खुद को पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के सरगोधा जिले का निवासी बताया है। प्रारंभिक तौर पर वह डरा हुआ और सहमा हुआ नजर आया। बीएसएफ ने मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है।