मोहालीः साल 2025 के विदा होते ही नए साल 2026 की शुरुआत पंजाब में बारिश के साथ हुई। नए साल के पहले ही दिन सुबह से मौसम ने करवट ली और शहर में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। बीते 6 से 7 दिनों से लगातार पड़ रहे घने कोहरे से जूझ रहे लोगों को इस बारिश ने बड़ी राहत दी है।
पिछले कई दिनों से मोहाली और आसपास के इलाकों में कोहरे का कहर देखने को मिल रहा था। हालात यह थे कि रात के समय विजिबिलिटी लगभग शून्य हो जाती थी, जबकि दिन में भी दृश्यता महज 10 से 15 मीटर तक सीमित रह जाती थी। खराब विजिबिलिटी के कारण सड़कों पर वाहन चलाना बेहद जोखिम भरा हो गया था और हादसों की आशंका लगातार बनी हुई थी।
कोहरे की वजह से ट्रैफिक प्रभावित रहा, स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और लंबी दूरी तय करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन आपस में टकराने की घटनाएं भी सामने आईं। 2 दिन पहले मोहाली में देर रात हुए एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत की खबर ने प्रशासन और आम लोगों की चिंता बढ़ा दी थी। नए साल के पहले दिन हुई बारिश से वातावरण में जमा धुंध और कोहरा काफी हद तक साफ हो गया है। मौसम में आए इस बदलाव से सड़कों पर विजिबिलिटी में सुधार देखने को मिला है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि बारिश के चलते ठंड में इजाफा जरूर हुआ है, लेकिन कोहरे से निजात मिलने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा कम होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम में और बदलाव देखने को मिल सकता है। तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। 5.2 डिग्री तापमान के साथ गुरदासपुर सबसे ठंडा रहा। वहीं, अमृतसर और चंडीगढ़ में दृश्यता जीरो, लुधियाना में 10 मीटर, पटियाला में 20 मीटर, जबकि हलवारा, गुरदासपुर, पठानकोट, बठिंडा और बल्लोवाल सौंकड़ी में 50 मीटर से कम दृश्यता दर्ज की गई। इसकी वजह से हवाई और रेल आवाजाही पर असर पड़ा है।