पंचकूला: पुलिस विभाग के द्वारा आज एक कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में लंबे समय तक ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं देने वाले दो पुलिस अधिकारियों को सम्मानपूर्वक रिटायरमेंट दी गई। कार्यक्रम सेक्टर-26 में स्थित पुलिस लाइन पंचकूला में आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग के द्वारा दोनों अधिकारियों को पूरे सम्मान और गौरव के साथ विदाई दी गई। कार्यक्रम के दौरान पंचकूला पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश चंदर और सब इंस्पेक्टर मांगे राम को ढोल नगाड़ों की धुन, तालियों की आवाज और सहकर्मियों ने शुभकामनाओं के साथ खुशी-खुशी अलविदा कहा।
दोनों अधिकारियों ने 37 और 36 साल की उम्र तक पुलिस विभाग में सराहनीय सेवाएं दी। इस मौके पर डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने दोनों अधिकारियों को उनके शानदार कार्यकाल के लिए बधाई भी दी। उन्होंने कहा कि – आपका अनुभव मेरी उम्र से भी ज्यादा है। आप दोनों ही पंचकूला पुलिस का हिस्सा रहे हैं। हमेें उम्मीद है कि रिटायरमेंट के बाद भी जब कभी विभाग को आपकी जरुरत होगी तो आप अपने अनुभव के साथ हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस दौरान दोनों अधिकारियों के सेवाकाल में किए गए सराहनीय काम, महत्वपूर्ण उपलब्धियां और ड्यूटी के प्रति उनका समर्पण विस्तार से याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपनी सेवाकाल में अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की नई मिसाल कायम की है। आने वाली पुलिस पीढ़ी के लिए वह प्रेरणास्रोत के तौर पर साबित होंगे।
इस मौके पर डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने भी दोनों अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस साल ये दोनों अधिकारी अपनी सेवा, अनुभव और व्यवहार के साथ पंचकूला पुलिस को बहुत कुछ सिखाकर गए हैं। पंचकूला विभाग को हमेशा दोनों पर गर्व रहेगा और आपका योगदान हमेशा याद रहेगा।
इस दौरान एसीपी ट्रैफिक सुरेंद्र सिंह, वेल्फेयर इंस्पेक्टर पृथ्वी सिंह, एएसआई रामेश्वर दास, दोनों अधिकारियों के परिवार वाले सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे। कार्यक्रम के मंच का संचालन एएसआई विकास ने बहुत अच्छे से किया।