जालंधरः पंजाब समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में घने कोहरे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। सुबह-सुबह हाइवे पर धुंध लगातार बढ़ रही है। जिससे विजीबिलिटी शून्य के आसपास है। वहीं मौसम विभाग के आनुसार नए साल के आगमन पर मौसम भी करवट लेगा। 31 दिसंबर की रात बूंदाबांदी संभव है। तापमान तेजी से गिरेगा। 1 जनवरी को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। दोनों दिन दिन में धूप निकलेगी लेकिन रात व सुबह खूब धुंध रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल में 30 दिसंबर तक जबकि पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में 31 दिसंबर तक रात और सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के कई हिस्सों में घना कोहरा दर्ज किया गया। पटियाला में 40 मीटर, लुधियाना में 50 मीटर विजिबिलिटी रही। फिलहाल शनिवार को जालंधर सिटी में रात 12 बजे धुंध ने जोर पकड़ा। यह सुबह 10.30 बजे तक रही। इस समय उत्तर-पश्चिम दिशा में हवाएं चली हैं। पहाड़ों से आती इन ठंडी हवाओं के कारण तापमान 16सी. होने के बावजूद ठिठुरन महसूस होगी। हवा में अभी 70 फीसदी नमी है, यही धुंध का बड़ा कारण बनकर सामने आ रही है।