जालंधर, ENS: महानगर में स्थित श्री देवी तालाब मंदिर में प्रसिद्ध हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन का आयोजन शुरू होने जा रहा है। यह सम्मेलन देश भर में अपनी अलग पहचान रखता है और हर साल बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी इसमें शामिल होते हैं। वहीं, आज पूर्व केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर श्री देवी तालाब मंदिर पहुंचे। जहां, उन्होंने भगवान के दर्शन किए और इसके बाद मीडिया से बातचीत की।
हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन को बताया महाकुंभ के समान
मीडिया को संबोधित करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हरिवल्लभ संगीत सम्मेलन सिर्फ एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह संगीत का महाकुंभ है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस सम्मेलन में शामिल होता है, उसे ऐसा महसूस होता है जैसे उसने महाकुंभ में भाग ले लिया हो। यह सम्मेलन भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा को आगे बढ़ाने का काम करता है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
इस दौरान अनुराग सिंह ठाकुर ने कांग्रेस पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार चुनाव हार रही है, इसके बावजूद राहुल गांधी अभी भी सेंचुरी लगाने के सपने देख रहे हैं।
कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं: ठाकुर
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से फेल हो चुकी है। पार्टी के पास जनता के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सिर्फ बयानबाजी करके लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है।
जनता अब कांग्रेस की बातों में नहीं आने वाली
अनुराग सिंह ठाकुर ने आगे कहा कि अब देश की जनता कांग्रेस की बातों में आने वाली नहीं है। जनता सब कुछ समझ चुकी है और सही व गलत का फर्क जानती है।
मनरेगा योजना पर कांग्रेस पर साधा निशाना
मनरेगा योजना को लेकर कहा कि 1989 में कांग्रेस ने जवाहर रोजगार नाम रखा। 1999 में कांग्रेस ने इसका नाम जवाहर रोजगार समृद्धि योजना रखा गया। उसके बाद 2001 में फूड फॉर वर्क रखा गया। उसके बाद 2004 में जब कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई तब उन्होंने नरेगा योजना रखा, तब कांग्रेस को महात्मा गांधी की याद नहीं आई। अब कांग्रेस पार्टी भाजपा पर महात्मा गांधी को लेकर टिप्पणी कर रही है।