चंडीगढ़ः पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के प्रेरणास्रोत अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर चंडीगढ़ स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय में कार्यक्रम करवाया गया। इस दौरान पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पंजाब भाजपा के संगठन महामंत्री मंत्री श्रीनिवास सुल्लू, प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष सुखविंदर सिंह गोल्डी, लीगल सेल के प्रदेश प्रमुख एन.के. वर्मा, मोहाली भाजपा के जिला अध्यक्ष संजीव विशिष्ट सहित अन्य साथी उपस्थित थे।
संबोधित करते हुए अश्वनी शर्मा ने कहा कि अटल जी ने राजनीति में सिद्धांतों और आदर्शों की ऐसी मिसाल कायम की, जो आज भी उतनी ही प्रासंगिक है जितनी अपने समय में थी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने उस दौर में, जब जोड़-तोड़, खरीद-फरोख्त और सत्ता के लिए समझौतों की राजनीति आम हो रही थी, एक वोट से मिली सत्ता को ठुकराना स्वीकार किया, लेकिन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। अटल जी सिर्फ भाजपा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के नागरिकों के लिए आदर्श पुरुष हैं।
भाजपा के शुरुआती दौर में जब पार्टी को केवल दो सीटें मिली थीं और निराशा का माहौल बन गया था, तब भी अटल जी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने याद दिलाया कि मुंबई में दिए गए अपने ऐतिहासिक भाषण में अटल जी ने कहा था— “अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा।” आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है और लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश की सत्ता संभाल रही है।
अश्वनी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अटल जी के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए देश की अर्थव्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रहे हैं, जिसके कारण आज पूरी दुनिया में भारत का मान बढ़ा है। पंजाब भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए अटल जी का संदेश विशेष महत्व रखता है— “अंधेरा छटेगा, सूरज निकलेगा, पंजाब में भी कमल खिलेगा।” इसी भावना के साथ निरंतर मेहनत करना और निराशा से दूर रहना ही अटल बिहारी वाजपेयी जी को सच्ची पुष्पांजलि होगी।
