लुधियाना: पंजाब में आए दिन गोलियां चलने की घटनाओं में फिर से बढ़ौतरी शुरू हो गई है। वहीं देर रात शादी समारोह में दो पक्षों में बहस के बाद गोलियां चल गई। जानकारी के अनुसार देखते ही देखते एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार गोलीबारी में पांच से सात लोग घायल हुए हैं सूत्रों की माने तो दो लोगों की मौत की सूचना है। हालांकि प्रशासन ने अभी तक किसी की मौत होने की पुष्टि नहीं की।
बताया जा रहा है कि शादी समारोह पखोवाल रोड स्थित बाथ कैसल पैलेस में चल रहा था। देर रात समारोह के दौरान दो पक्षों में कहा सुनी हुई और लड़ाई ने हिंसक रूप ले लिया। गोलीबारी में घायल लोगों को डीएमसी व अन्य निजी अस्पतालों में दाखिल किया गया है। घायल कौन हुआ है और किस किस को गोली लगी है अभी तक इस बारे में कुछ भी नहीं बताया जा रहा है। रात को पैलेस में गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक गोली चलाने वाले वहां से फरार हो चुके थे। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में दो गैंगस्टर थे जिनकी आपस में बहस हो गई थी और उन्होंने ही एक दूसरे गुट पर गोलियां चलाई हैं।
बताया जा रहा है कि यह शादी एक झूला ठेकेदार के परिवार की थी। समारोह में स्थानीय विधायक भी थे। इसके अलावा गैंगस्टर शुभम मोटा और अंकुर लुधियाना भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार दो गैंगस्टरों के गुटों के बीच किसी पुराने विवाद को लेकर कहासुनी हुई जो कुछ ही मिनटों में हाथापाई और फिर गोलियों की बारिश में बदल गई। अनुमान है कि मौके पर 20 से 25 राउंड फायरिंग हुई।
सूत्रों के अनुसार फायरिंग में एक ठेकेदार की रिश्तेदार नीरू छाबड़ा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें देर रात फिरोजपुर रोड स्थित ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं एक अन्य मृतक की पहचान एक कारोबारी के रूप में हुई है। हालांकि अभी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।