प्रदेश में हर जगह हो रही मर्डर लूटपाट हत्याएं बलात्कार की घटनाएं,लेकिन आरोपियों पर नहीं कोई कार्यवाही,क्या यह है सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन
ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने बंगाणा में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रदेश की सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला, उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश, विशेषकर जिला ऊना में, कानून-व्यवस्था एक गंभीर चुनौती बन चुकी है और सरकार इस स्थिति पर ध्यान देने में पूरी तरह विफल रही है। दविंदर भुट्टो ने कहा कि पिछले दो वर्षों में जिले में पिस्टल और बंदूकों के दनदनाने की लगातार खबरें सामने आ रही हैं, जो आम जनता के लिए भय का वातावरण पैदा कर रही हैं। पूर्व विधायक भुट्टो ने आरोप लगाया कि हर दिन कहीं न कहीं मर्डर रेप्स, हत्याएं,लूटपाट चोरी की घटनाएं हो रही हैं, माफियाओं का बोलबाला है और सरकार के साथ प्रशासन मौन बैठा है। अगर यही सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन है तो जनता इसे किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के मन में यह सवाल गूंज रहा है कि आखिर किसके डर से प्रशासन कार्रवाई करने से बच रहा है और क्यों अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हो रही।
भुट्टो ने कुछ हालिया घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि जिला ऊना में सरेआम कभी किसी निजी होटल के बाहर तो कभी सड़कों पर गोलियों की बौछार के बीच हत्याएं हो रही हैं। ऐसी स्थिति में आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि जब खुलेआम ऐसी वारदातें घटित हों और सरकार या प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाए, तो यह गंभीर चिंता का विषय बन जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि चोरी, डकैती, लूटपाट और मर्डर की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन इन मुद्दों को लेकर खामोश दिखाई दे रहे हैं। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि दिन-रात चोरी और लूट की खबरें आ रही हैं। हर दूसरे दिन किसी नई वारदात का खुलासा होता है। लोगों में भय का माहौल है, लेकिन सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं।
भाजपा नेता दविंदर कुमार भुट्टो ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में माफियाओं को संरक्षण मिल रहा है, जबकि आम नागरिकों पर एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पर अपराधियों को बचाने और उन्हें राजनीतिक सरंक्षण देने के आरोप लग रहे हैं, जिससे जनता में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का रवैया आम लोगों की उम्मीदों के विपरीत है। जनता सब देख रही है और समय आने पर इसका जवाब देगी। उन्होंने प्रदेश के अखबारों का उल्लेख करते हुए कहा कि लगभग हर दिन समाचार पत्रों के प्रथम पृष्ठ पर मर्डर, बलात्कार और लूटपाट की घटनाएं प्रमुखता से प्रकाशित हो रही हैं। यह स्थिति बताती है कि कानून-व्यवस्था किस हद तक चरमरा चुकी है। जब पूरा प्रदेश अपराध की खबरों से दहला हुआ हो और सरकार गहरी नींद में सोई दिखे, तो इसे कुंभकर्णी नींद ही कहा जाएगा। भुट्टो ने कहा कि भाजपा लगातार प्रदेश सरकार को सचेत कर रही है कि कानून-व्यवस्था में गिरावट से जनता का सरकार पर भरोसा कमजोर पड़ता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष होने के नाते भाजपा का दायित्व है कि वह जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाए और सरकार को आईना दिखाए।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुक्खू सरकार ने अपराधों पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम नहीं उठाए, तो इसका खामियाजा अगले चुनावों में भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार जिला ऊना सहित पूरे राज्य में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर तुरंत संज्ञान ले और पुलिस प्रशासन को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दे। साथ ही भुट्टो ने कहा कि अपराधियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ भी जांच की जानी चाहिए ताकि जनता का विश्वास बहाल हो सके। भुट्टो ने कहा कि ऊना की जनता शांति, सुरक्षा और विकास चाहती है, न कि भय और असुरक्षा का वातावरण। उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की इस अपेक्षा का सम्मान करते हुए कानून-व्यवस्था सुधारने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए, वरना जनता सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेगी। इस मौके पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष बलराम बबलू, जिला पार्षद एवं पंचायती राज प्रकोष्ठ के सह संयोजक कृष्ण पाल शर्मा,कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़,राज कुमार मनकोटिया एवं सुमित वशिष्ठ मौजूद रहे।