फिरोजपुरः जिले के मेन बाजार में बीते दिनों अनजान व्यक्तियों द्वारा RSS नेता के पोते नवीन अरोड़ा को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद लगातार पुलिस प्रशासन और सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल उठे थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फिरोजपुर पुलिस ने कल दो लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं देर रात पुलिस ने एक और व्यक्ति का एनकाउंटर किया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि नवीन अरोड़ा की हत्या में पुलिस लगातार हत्यारों की तलाश कर रही थी। इसी संबंध में उन्हें सूचना मिली कि जतिन काली जो इस मामले का मुख्य सरगना है, वह गांव अरीफ के वाली साइड जा रहा है। जब पुलिस पार्टी ने उसे रोकने की कोशिश की तो जतिन काली ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी।
जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की गोली उसकी टांग में लगी और वह घायल हो गया। घायल जतिन को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है और उसके खिलाफ आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा की जा रही है। बता दें कि इस मामले में मास्टरमाइंड को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन असली शूटर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और पुलिस उसकी तालाश में लगातार छापेमारी कर रही है।