लुधियाना। जिले के काकोवाल रोड पर एक सुनार की दुकान पर गुरुवार रात 10 से 15 बदमाशों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने दुकान के अंदर जमकर तोड़फोड़ की और गहने व नकदी लूट ली। उन्होंने दुकान का काफी सामान बर्बाद कर दिया। हमले के दौरान दुकानदार को चोटें आईं, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से लुधियाना के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इलाके में फैली दहशत
घटना के बाद पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल है। आसपास के व्यापारी भी काफी डरे हुए हैं और सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने जांच शुरू की
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
दुकानदार ने की कार्रवाई की मांग
घायल दुकानदार ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।