जालंधर: शहर में एक युवती ने पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर को शिकायत देकर एक युवक पर शादी का झांसा देकर कई महीनों तक शारीरिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि युवक ने उसे अपने साथ रखकर कई महीनों तक संबंध बनाए और अब शादी से इनकार कर रहा है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि वह एक दिन मंदिर माथा टेकने गई थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। धीरे-धीरे दोनों में बातचीत शुरू हुई और युवक रोजाना मंदिर आने लगा। करीब डेढ़ साल की दोस्ती के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। एक दिन युवक ने युवती को अपने घर बुलाया और अपनी मां से मिलवाया। वहीं युवक की मां ने भी युवती को शगुन के रूप में 1000 रुपए दिए और शादी के लिए हामी भरी। इसके बाद युवक अपने परिवार के साथ लड़की के घर आया और शादी की बात की, जिस पर परिवार ने कहा कि शादी एक साल बाद करेंगे।
कुछ दिनों बाद युवक का परिवार फिर से लड़की के घर आया और उसे अपने साथ ले जाने की बात कही। लड़की के माता-पिता ने भरोसे में आकर उसे उनके साथ भेज दिया। रास्ते में युवक ने युवती को बताया कि उसने किराए पर एक कमरा लिया है और वे कुछ दिन वहीं रहेंगे, उसके बाद शादी करके घर लौट जाएंगे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई महीनों तक शारीरिक संबंध बनाए। जब वह गर्भवती हो गई, तो युवक और उसकी मां ने मिलकर उसे दवा खिलाकर गर्भपात करवाया। अब युवक शादी से पूरी तरह इंकार कर रहा है। पीड़िता ने यह पूरा मामला पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के समक्ष रखा है और आरोपी युवक व उसकी मां के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है।