15 हजार का चालान काटने पर भड़के चालक
अमृतसरः जिले की पुलिस कमिश्नर ने जुगाड़ू गाड़ियों के खिलाफ एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। ऐसे में अब शहर में चल रही हर जुगाड़ू गाड़ी को बांड किया जाएगा। पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए हैं कि बिना नंबर प्लेट और बिना दस्तावेज वाली जुगाड़ू गाड़ियों पर चालान कर गाड़ी को इंपाउंड किया जाए। इसी को लेकर आज अमृतसर के हॉल गेट के बाहर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने विशेष नाका लगाकर कई जुगाड़ू गाड़ियों का चालान किया और उन्हें इंपाउंड किया गया।
पुलिस कर्मी का कहना था कि उन्हें पुलिस कमिश्नर और सरकार से सख्त निर्देश मिले हैं कि ये गैरकानूनी वाहन शहर की यातायात के लिए खतरा बन रहे हैं, इसलिए कार्रवाई जरूरी है। दूसरी ओर, जुगाड़ू गाड़ी चालकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया। चालकों ने ग़ुस्सा जाहिर कर कहा कि वे पिछले 15 सालों से ये गाड़ियां चला रहे हैं, लेकिन आज तक किसी ने नहीं रोका।
अब उन्हें रोक कर इंपाउंड किया जा रहा है और ऑनलाइन चालान 15,000 रुपये का काटा जा रहा है। चालकों ने रो-रो कर अपनी पीड़ा बताई कि वे गरीब आदमी हैं, दिन-रात मेहनत कर अपना घर चलाते हैं। उनका कहना था कि एक तरफ सरकार गरीबों के हक की बात करती है लेकिन दूसरी तरफ इन्हीं गरीबों पर तलवार चलाई जा रही है। कुछ चालकों ने ग़ुस्से में कहा कि अगर सरकार ने रोज़ी-रोटी के साधन ही खत्म कर दिए तो गरीब आदमी को चोरी-डकैतियों की तरफ धकेला जाएगा।