मोहालीः शहर के जीरकपुर बस स्टैंड पर स्थित इंडसइंड बैंक के एटीएम में बीती रात करीब 10:30 बजे अचानक आग लग गई। इस घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और तेजी से कार्य करते हुए आग पर काबू पाया।
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने भी जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने के कारण एटीएम मशीन और उसके अंदर रखे उपकरणों को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं उसमें कितना कैश था और कैश को कितना नुक्सान हुआ है, इसका भी आकलन लगाया जा रहा है। हालांकि, आग लगने के समय किसी के हताहत होने का कोई मामला नहीं है। बैंक और प्रशासन की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी है और साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए सुरक्षा उपायों की समीक्षा की जा रही है।